फतेहपुर थाना क्षेत्र में युवकों पर लाठी से वार करता युवक। श्रोत वीडियोग्रैब
सहारनपुर, छुटमलपुर। फतेहपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती से मिलने पहुंचे दो युवकों को बंधक बना लिया। एक बड़े हाॅल में कुछ लोगों ने इन्हें घेर कर जमकर लाठी से मारपीट की। मारपीट के कई वीडियो भी बनाए गए, जिन्हें किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
सोमवार को तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इनमें एक वीडियो एक मिनट 12 सेकंड का, दूसरा 29 सेकंड तथा तीसरा 26 सेकंड का है। इसमें किसी बड़े हॉल में जहां सरिया पड़ा है और एक ई-रिक्शा तथा कई बाइकें खड़ीं हैं, वहां मुस्लिम समाज के 10-12 लोग जुटे हैं। इनकी घेराबंदी में एक युवक लाठी से दो युवकों की जमकर पिटाई कर रहा है। वहां बैठे लोग गालियां देते हुए उसे और मारने को कह रहे हैं।
इनमें एक वीडियो में युवक को चारपाई पर कई लोगों ने दबोच रखा है, जबकि पीटने वाला उस पर लाठियां बरसा रहा है। पिटने वाले युवक बार-बार माफी मांग रहे हैं और छोड़ने की गुहार लगा रहे हैं। बताया जाता है कि जिन युवकों को पीटा जा रहा है वह भी मुस्लिम समाज के ही हैं। किसी युवती से मिलने गांव आए थे कि लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें यह सजा दी गई।
उधर, पुलिस का कहना है कि वीडियो संज्ञान में आया है। मामला क्षेत्र के एक गांव का है, जहां किसी युवती से मिलने पहुंचे युवकों के साथ मारपीट की गई। अभी तक पीड़ित थाने नहीं पहुंचे हैं। फिर भी वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।