नानौता अस्पताल में जमा भीड़ और पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव (सहारनपुर)। जडौदा पांडा नानौता मार्ग पर बाइकों की आमने सामने की भिडंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची नानौता पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शवों को घर ले गए।
बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव मुश्कीपुर निवासी नाजिम (18) पुत्र रोजुद्दीन अपने फुफेरे भाई नदीम (12) पुत्र इरफान निवासी सिम्भालका हरियाणा के साथ बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहा था। जड़ौदा पांडा-नानौता मार्ग पर गांव हसनपुर लोटनी पुलिया के पास उनकी टक्कर सामने से आ रहे बाइक सवार गुलाम हैदर उर्फ बब्बन (25) पुत्र इर्तजा हुसैन निवासी कस्बा नानौता से हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गंभीर हालत में नानौता अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने गुलाम हैदर और नाजिम को मृत घोषित कर दिया।
परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से कोई कार्रवाई न करने अनुरोध किया, जिस पर शवों को उन्हें बिना पोस्टमार्टम कराए ही सौंप दिया गया। बताया जाता है कि गुलाम हैदर अपनी बहन के यहां बघरा से ईदी देकर लौट रहा था। नाजिम भी बुआ के यहां ईदी देने गया था। वापसी में बुआ के बेटे नदीम को साथ लेकर गांव लौट रहा था कि हादसे का शिकार हो गए।
हेलमेट पहना होता तो बच जाती जान
थानाध्य्क्ष सोवीर नागर का कहना है कि दोनों बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। यदि हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिए गए।
मृतक गुलाम हैदर उर्फ बब्बन का फाइल फोटो- फोटो : SAHARANPUR
सड़क हादसे में घायल- फोटो : SAHARANPUR