छुटमलपुर। फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम गांव मांडुवाला के पास दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक युवक गंभीर रूप से घायल है जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र में शाम छह बजे हुआ। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर निवासी सौरभ (35) पुत्र संतराम अपने चचेरे भाई शेखर पुत्र रामपाल के साथ बाइक से छुटमलपुर की तरफ आ रहा था। गांव मांडुवाला के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे रितिक (30) पुत्र योगेश निवासी खरखौदा मेरठ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए।
रितिक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सौरभ और शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने सौरभ को को मृत घोषित कर दिया। जबकि शेखर को गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची फतेहपुर पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेते हुए परिजनों को खबर की। पुलिस ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अभी किसी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अविवाहित था सौरभ, घरों में करता था रंगाई पुताई
बिहारीगढ़। गणेशपुर निवासी सौरभ अविवाहित था। वह घरों में रंगाई पुताई का काम करता था। सौरभ पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिजनाें में कोहराम मचा है। जैसे ही उन्हे हादसे की बाबत पता चला तो वे फतेहपुर सीएचसी की तरफ दौड़ पड़े। उसकी मौत की खबर मिलने पर ग्रामीणों का तांता उसके घर लग गया।