सहारनपुर में रेल लाइनों के नीचे बनाई जा रही पुलियाओं की वजह से दो सप्ताह तक रात के समय कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसमें एक ओर जहां कई ट्रेनों देरी से चलेंगी, वहीं दो ट्रेन कैंसिल रहेंगी।
नागल और थानाभवन, देवबंद और रुहाना कला, बामनहेड़ी यार्ड और जड़ौदा नाला और मुजफ्फरनगर के बीच रेलवे लाइन के नीचे पुलियाओं का निर्माण कराया जा रहा है।
यह काम 23, 24, 25, 26, 27 और 28 अक्तूबर तथा दो, तीन, चार, पांच, छह, सात, दस और 11 नवंबर को चलेगा। इन दिनों में रात में साढ़े दस बजे से करीब दो बजे तक इन मार्गों की लाइन बंद रहेगी।
रात करीब दस बजे जैसे ही ट्रेन टपरी से निकला करेगी तो मार्ग को बंद कर दिया जाया करेगा। इसके बाद इधर से जाने वाली छत्तीसगढ़ ट्रेन को वाया शामली निकाला जाएगा। इसके अलावा आनंद विहार से उधमपुर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटे देरी से चला करेगी।
कानपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस को 35 मिनट देवबंद स्टेशन पर रोका जाएगा। हावड़ा मेल समेत दो ट्रेनें 22 और 24 अक्तूबर को कैंसिल रहेंगी। ऐसे हालात में इन दिनों में रात में सफर करने वाले यात्रियों को विकल्प पर ध्यान देना होगा। यानी ब्लॉक से पहले या बाद सफर करना ही बेहतर रहेगा।