नानौता (सहारनपुर)। नगर में ऑनलाइन ठगी के दो अलग-अलग मामले में ठगों ने एक लाख 5 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित के परिचितों से गुगल पे के माध्यम से पैसे मंगवा कर इस ठगी को अंजाम दिया । दोनों पीड़ितों ने इस मामले में थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नगर के मोहल्ला शेख जादगान निवासी अमित पुत्र फूल सिंह ने फेस बुक पर आईडी बनाई। मंगलवार की सुबह किसी हैकर द्वारा अमित कुमार की फेसबुक आईडी को हैक किया। इसके बाद हैकर ने अमित के परिचित नगर निवासी शिक्षक धीर सिंह बालियान को उसके अकाउंट में दस हजार रुपये में डलवाने का मैसिज किया। इस पर धीर सिंह बालियान ने फोन पे द्वारा पर दस हजार रुपये डाल दिए। कुछ देर बाद फेसबुक आईडी स्वामी अमित कुमार व धीर सिंह बालियान की आपस में फोन पर बात हुई। इससे ठगी का पता चला। इसी बीच हैकर ने धीर सिंह बालियान की भी आईडी को हैक कर लिया और उसके मित्रों व रिश्तेदारों को मैसेज भेज कर रुपये अकाउंट में डलवाने की मांग की। इसकी जानकारी लगते ही धीर सिंह वालिया ने अपनी फेसबुक आईडी को तुरंत ब्लॉक कर सभी रिश्तेदारों व परिचितों को इस प्रकार के मैसेज पर रुपये डालने से मना कर दिया। फेसबुक आईडी स्वामी अमित कुमार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
नानौता क्षेत्र के गांव याहियापुर निवासी उमा देवी गांव में शिक्षा मित्र के पद पर थी। कुछ वर्ष पूर्व उनकी शादी देवबंद क्षेत्र के भायला कुरडी में हो गई। इसके बाद उनकी नियुक्ति वहीं पर हो गई। जबकि उनका सरकारी बैंक खाता नानौता एसबीआई में ही है। इसमें उनकी सैलरी आती है। मंगलवार को उनके व्हाटस एप नंबर पर एक अजनबी नंबर से एक लिंक आया। इसमें कहा गया कि इसको क्लिक कर जानकारी दीजिए। इस पर उनके द्वारा जानकारी देते हुए ओटीपी भी दे दिया। इसके बाद गुगल पे के माध्यम से ठग ने 95 हजार रुपये की नगदी साफ कर दी। पीड़ित शिक्षा मित्र उमा देवी ने इस मामले में थाने में तहरीर दी।
क्षेत्र के गांव खुड़ाना निवासी गौतम राणा, नगरनिवासी श्याम सिंह, इंजीनियर सुभान, अमित कुमार आदि कई लोगों की अभी तक आईडी हैक कर उनके दोस्तों व रिश्तेदारों से रुपये की डिमांड की जा रही है। उधर, थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच की जा रही है।