सहारनपुर जनपद में शनिवार की रात कोतवाली बेहट क्षेत्र में गंदेवड़-हथनीकुंड़ बैराज रोड पर पूर्वी यमुना नहर के किनारे सामने से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार जीजा-साले की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित डंपर नहर में गिरने के बाद पलट गया। मौके पर पहुंची बेहट पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मृतक आपस में रिश्तेदार थे और उनका शादी ब्याह में टैंट लगाने का काम था।
हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। मिर्जापुर पोल निवासी रिफाकत (22) पुत्र असलम अपने जीजा तौफीक (25) पुत्र रफीक निवासी गांव हबीबवाला थाना धामपुर जिला बिजनौर के साथ टैंट लगाने का काम करते थे। शनिवार की देर रात दोनों बाइक से मिर्जापुर क्षेत्र के गांव रायेपुर में टैंट लगाकर वापस लौट रहे थे। गंदेवड़ से पहले ही सामने से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों की बाइक समेत सड़क पर गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनियंत्रित डंपर सड़क किनारे पूर्वी यमुना नहर में जा गिरा और पलट गया।
यह भी पढ़ें: Meerut : चौकी इंचार्ज को गोली मारने वाला बदमाश ढेर, एक घंटे तक चली मुठभेड़, देखिए मौके का वीडियो