छुटमलपुर/नागल। फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी भोपाल सिंह (65) की मौत हो गई। उधर, नागल में गागलहेड़ी–मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर गांव खजूर वाला के निकट कार की टक्कर से बाइक सवार भिक्कनपुर निवासी अमित कुमार (34) की मौत हो गई।
पहला हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हुआ। भोपाल सिंह छुटमलपुर किसी काम से आया था। मंगलवार रात आठ बजे वह साइकिल से कलसिया मार्ग होते हुए अपने गांव जा रहा था। फतेहपुर भादो में कब्रिस्तान से कुछ आगे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। राहगीरों ने लहूलुहान हालत में पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एसएसआई भूपेंद्र शर्मा ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी फतेहपुर भर्ती कराया। वहां से उसे चिकित्सकों ने हालत खराब होने पर जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की तलाश की जा रही है।
दूसरा हादसा नागल क्षेत्र में हुआ। अमित कुमार पिछले चार वर्षों से हरिद्वार के भगवानपुर स्थित एक फैक्टरी में कार्यरत था। मंगलवार देर शाम वह फैक्टरी से बाइक द्वारा अपने गांव लौट रहा था, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। अमित कुमार अपने परिवार का पालन-पोषण मजदूरी कर करता था और उसके दो बेटियां हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।