सहारनपुर के देवबंद में खेड़ामुगल में मिट्टी से भरा डंपर ऊपर उठते से विद्युत तारों से टकरा गया। जिससे करंट की चपेट में आने से डंपर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
खेड़ामुगल में मिट्टी भराव का कार्य चल रहा है। बुधवार की सुबह करीब आठ बजे पिलखवा (गाजियाबाद) निवासी 42 वर्षीय योगेंद्र सिंह रावल पुत्र ओमपाल सिंह डंपर से मिटटी लेने गया था।
बताया जाता है कि इसी दौरान डंपर को ऊपर उठाते समय वह विद्युत तार से छू गया। जिससे डंपर में करंट दौड़ गया और चालक योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बमुश्किल योगेंद्र के शव को डंपर से बाहर निकाला।
पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। ठेकेदार रविंद्र कुमार ने खेड़ामुगल चौकी पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
बिहारीगढ़ के थाना क्षेत्र के गांव इस्माईलपुर में बुधवार की सुबह घर में नीटू (24) पुत्र झाज्जर पंखा ठीक कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया।
बेहट के फतेहपुर कलां फतेहपुर कलां में बुधवार की शाम करीब चार बजे विद्युत लाइन पर बिजली से गिरने से ग्रामीणों के लाखों रुपये के विद्युत उपकरण फुंक गए और एक महिला भी झुलस गई।
उसे बेहट सीएचसी से गंभीर हालत में सहारनपुर अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। तहसील क्षेत्र के गांव फतेहपुर कलां में शाम के समय अचानक बिजली कड़कड़ाहट के साथ विद्युत लाइन पर गिर गई।
इस दौरान समरसेबिल के पास खड़ी कुलदीप चौहान की पत्नी निर्जेश झुलस गई। उसे बेहोशी की हालत में बेहट सीएचसी लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे सहारनपुर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर गांव में पप्पू, जोनी, नरेंद्र, पवन मास्टर, राजेश, सतीश, ओमप्रकाश, कुलदीप चौहान आदि ग्रामीणों के इंवर्टर, मोटर, पंखें, टीवी, फ्रिज आदि विद्युत संचालित उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों ने बताया कि एक तीन से चार लाख के बीच में उनका नुकसान हुआ है।