सहारनपुर: देवबंद में लॉकडाउन के चलते मेन बाजार में पसरा सन्नाटा
- फोटो : DEVBAND
पूरा शहर हॉटस्पाट बनने से दहशत, लोग घरों में कैद
देवबंद (सहारनपुर)। जिले में संवेदनशील बने देवबंद में कोरोना का कहर लगातार जारी है। शनिवार को आई ताजा रिपोर्ट में आसाम निवासी दो मदरसा छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब यहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 94 हो गई है। वहीं, लगातार बढ़ रही कोरोना मरीजों की संख्या से शहर में दहशत का माहौल है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या सबसे अधिक देवबंद में है। अधिकारियों की ओर से देवबंद में अतिरिक्त सख्ती बरती जा रही है। लॉक डाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए अर्धसैनिक बल तैनात कर शहर सील किया। साथ ही नगर में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है। सीएमओ डॉ. बीएस सोढ़ी है कि जल्द ही जनपद में इस वायरस पर काबू पा लिया जाएगा। आंकड़ों पर गौर करें तो कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में जरूर कमी आई है। इसका प्रमाण यह है कि देवबंद में भी पिछले तीन दिन में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में केवल दो लोगों की बढ़ोतरी हुई है।
देवबंद में इस तरह बढ़ी कोरोना संक्रमितों की संख्या
14 अप्रैल को छह मरीज
18 अप्रैल को 20 मरीज
19 अप्रैल को 15 मरीज
22 अप्रैल को 11 मरीज
23 अप्रैल को 10 मरीज
24 अप्रैल को 10 मरीज
25 अप्रैल को नौ मरीज
26 अप्रैल को छह मरीज
29 अप्रैल को पांच मरीज
02 मई को दो मरीज