सहारनपुर। सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कों में कार्यदायी संस्थाओं की लेटलतीफी आम नागरिकाें पर भारी पड़ रही है। अभी पहले फेज की सड़क से तो लोग जूझ ही रहे थे, अब दूसरे फेज में भी लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, जिस सड़क को 11 महीने में पूरा करने का समय मिला है। पहले दो महीने 26 दिन में उस सड़क में सीवर लाइन बिछाने का भी मात्र 20 फीसदी ही काम हो सका है।
फेज-2 में सिविल लाइंस चौकी से जेवी जैन कॉलेज और आवास विकास को होते हुए हसनपुर से पहले दिल्ली रोड तक बनेगी। दस अप्रैल को सड़क का काम शुरू हुआ था। दो किलोमीटर लंबी इस स्मार्ट रोड को 11 महीने में पूरा किया जाना है। सड़क निर्माण से पहले वाटर लाइन, सीवर सर्विस लाइन, स्टार्म वाटर ड्रेन, भूमिगत विद्युत लाइन कार्य, भूमिगत डक्ट का कार्य होना है। बीते दो महीने 26 दिन में 2000 मीटर लंबी इस लाइन के केवल 400 मीटर हिस्से पर ही सीवर, स्टार्म वाटर ड्रेन और अन्य लाइनें बिछाई जा सकी हैं। उससे आगे 200 मीटर में लाइन बिछाने का काम चल रहा है। अब बरसात शुरू हो चुकी है। ऐसे में कार्य प्रभावित होना लाजिमी है। पहले तो सीवर और अन्य लाइन बिछ जाएं। उसके बाद सड़क, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट-पोल्स एवं बोलार्ड, स्ट्रीट फर्नीचर, रोड साइनेज आदि का कार्य होगा, जो बाद की बात है।
लोगों को हो रही परेशानी
सीवर और अन्य लाइन साइड में बिछाई जा रही हैं। इसके लिए बाधा बन रहे लोगों के घरों के चबूतरे और अन्य अतिक्रमण हटाया जा रहा है। अभी तक करीब 50 घरों के चबूतरे आदि हटाए जा चुके हैं। बीते दो महीने 26 दिन से अनेक लोग अपने वाहन घरों में खड़ा नहीं कर पा रहे हैं। घरों के बाहर कीचड़ और मलबा होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही है।
38.17 करोड़ की है परियोजना
सीएम ग्रिड फेज-2 योजना के तहत दो किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना 38.17 करोड़ रुपये की है। इससे पहले बन रही डेढ़ किलोमीटर की स्मार्ट रोड 34 करोड़ रुपये की है।
प्रतिदिन मौके पर जाकर काम की मॉनिटरिंग की जा रही है। मुश्किल काम सीवर और अन्य लाइनें डालने का ही है। उसके बाद का काम आसान है। हमें उम्मीद है कि समय से काम पूरा होगा।
- एसपी मिश्र, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग नगर निगम