सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र के ग्राम बीदपुर में बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों को दो माह की बच्ची लावारिस हालत में मिली। लोगों ने बच्ची को गांव लाकर एक महिला को सौंप दिया।
थाना क्षेत्र में अंबाला रोड के समीप स्थित ग्राम बीदपुर में ग्रामीण सुबह को खेतों पर जा रहे थे। तभी उन्हें जंगल के कच्चे रास्ते पर बच्चे के रोने की आवाज आई।
लोगों ने वहां जाकर देखा तो लगभग दो माह की बच्ची कपड़े में लिपटी हुई रो रही थी। लोगों ने उसे गांव ले गए और महिलाओं को सौंप दिया। कई लोगों ने उसे पालने की इच्छा जताई।
बाद में सबकी सहमति से गांव के ही एक नि:संतान दंपति को बच्ची देने पर सहमति बन गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई। पुलिस ने चाइल्ड लाइन संस्था को सूचना भेज दी।
कुछ ही देर में चाइल्ड लाइन के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए तथा बच्ची के बारे में गांव वालों से जानकारी ली। एसओ संजीव कुमार की मौजूदगी में ग्रामीणों ने बच्ची को गांव में ही रहने की गुहार की लेकिन चाइल्ड लाइन से जुड़े लोग उसको अपने साथ ले गए।