सदर थाना पुलिस द्वारा मोबाईल लूट के आरोपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से लूट के नौ मोबाइल फोन बरामद हुए। बदमाशों ने 11 घटनाएं करना स्वीकार किया।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पांच अक्तूबर को भरत विहार कालोनी निवासी शारदा त्यागी खरीदारी के लिए बाजार गई थी, जिस समय वह पैदल ही कोर्ट रोड से होते हुए घर लौट रही थी तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया था। रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। घटनास्थल के आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक घूमते हुए नजर आए। आरोपियों की पहचान करने को आरटीओ कार्यालय की मदद ली गई। बाइक स्वामी की पहचान कर बृहस्पतिवार की रात कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने सर्किट हाउस मार्ग से मिंटू उर्फ बिलाल पुत्र सहजान निवासी गांव महंगी थाना तीतरो व इस्लाम पुत्र अब्दुल निवासी मुनीर कालोनी मानकमऊ को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से शारदा त्यागी से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। इसके अलावा आठ अन्य मोबाइल फोन मिले। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह महानगर में लूट की 11 वारदात कर चुके हैं।