दो अलग-अलग हादसों में कैंटर चालक समेत दो की मौत हो गई। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर पुसार गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से कैंटर चालक की मौत हो गई। इसके अलावा बालैनी के पंचमुखी महादेव मंदिर के पास ट्रैक्टर का हिच निकलने से ट्राली पलट गई। इसके नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई।
दोघट क्षेत्र के मिलाना गांव निवासी मुकेश कुमार (32) कैंटर चालक था। वह सोमवार सुबह कैंटर दिल्ली से मुजफ्फरनगर लेकर जा रहा था। करीब साढ़े पांच बजे जैसे ही पुसार गांव के पास पहुंचा, तभी कैंटर के अगले टायर में पंचर हो गया। मुकेश टायर बदलने लगा। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे वाहन ने उसको कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। तब तक वहां पर लोगों की भीड़ लग गई थी।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोघट थाना प्रभारी चितवन कुमार ने कहा जिस वाहन से हादसा हुआ है, उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, नवादा गांव के श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर बुधवार सुबह प्रसाद लेकर सुराना (गाजियाबाद) जा रहे थे। बालैनी-दौलतपुर मार्ग पर स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के पास पहुंचे, तभी अचानक ट्रैक्टर का ट्राली से हिच निकल गया। इससे ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।
इनके नीचे दबने से माया देवी पत्नी ब्रह्म सिंह की मौत हो गई। जबकि गीता पत्नी अनिल, राजेश पत्नी वेदपाल और रिंकी पुत्री जगदीश समेत छह महिलाएं घायल हो गई। इनमें से तीन महिलाओं को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई कराने से मना कर दिया। बाद में शव का अंतिम संस्कार किया।
बड़ौत के ककौर गांव से बाइक पर सब्जी लेने आ रहे विकास पुत्र मामन को शबगा और ककौर गांव के बीच एक कार टक्कर मारकर भाग गई। उसे सीएचसी में भर्ती कराया । परिजनों से घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
स्कूल बस और कार की टक्कर, दोनों क्षतिग्रस्त
खेकड़ा। पाठशाला मार्ग पर सुबह के समय बागपत के एक स्कूल की बस एवं कार की हुई आमने सामने की टक्कर में कार चालक गंभीर घायल हो गया। जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ ही सात बच्चों को गुम चोटें आयी। बस चालक बच्चों को संभालने के बजाय बस को छोड़कर भाग गया। राहगीरों ने बस में सवार बच्चों को घर भेजा।
बागपत के एक प्राइवेट स्कूल की बस खेकड़ा नगर से स्कूली बच्चो को लेकर बुधवार की सुबह करीब सात बजे बागपत जा रही थी। जब बस पाठशाला मार्ग पर बिजली घर के समीप पहुंची। तभी एक कार से बस की आमने सामने की टक्कर हो गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर होने से बस में सवार बच्चों में कोहराम मच गया।
बच्चों की चीख पुकार सुनकर राहगीर दौडे़ । चालक बस और चोटिल बच्चों को छोड़कर भाग गया। बस में सवार सात बच्चों को गुम चोटें आई। राहगीरों ने बच्चों को बस से निकाला और उनके घर भेजा। घटना की सूचना मिलने पर पाठशाला चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
गंभीर घायल कार चालक आदेश निवासी नूरपुर को दिल्ली के ट्रोमा अस्पताल में भर्ती कराया और कार को मार्ग से हटवा कर आवागमन शुरू कराया। देर शाम तक किसी ने तहरीर नहीं दी । सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों में समझौते के प्रयास चल रहे हैं। थाना प्रभारी देवेंद्र विष्ट ने कहा मामले की जांच कराई जा रही है।