सहारनपुर के बेहट में तेज बारिश और ओलो के चलते तेज रफ्तार बाइक पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद काफी देर तक वे सड़क किनारे बेसुध पड़े रहे।
घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने जब उनकी तलाश की तो वे सड़क किनारे पड़े मिले। इसके बाद परिजन घायलों को अस्पताल ले गए। जहां एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
गांव उसंड निवासी 24 वर्षीय सलमान पुत्र जमशेद गांव सलेमपुर गदा में मोबाइल शॉप चलाता था। शुक्रवार की देर शाम मौसम खराब होते ही वह बाइक द्वारा गांव के लिए चल दिया।
बाइक पर इसके साथ पठानपुरा निवासी अमजद पुत्र चौधरी हनीफ भी था। जैसे ही यह दोनों लोदीपुर-उसंड मार्ग पर पहुंचे तो बारिश और ओले पड़ने लगे। इससे इनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। परिजनों को तलाश के दौरान यह घायलावस्था में रास्ते में पड़े मिले। तत्काल परिजन दोनों को लेकर सहारनपुर के निजी अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सलमान की मौत हो गई। जबकि अमजद का इलाज किया जा रहा है।
उधर, थाना मिर्जापुर के गांव शाहपुर गाड़ा निवासी अली अकबर पुत्र केशू साइकिल द्वारा अंबेहटा इस्माईलपुरा, पठानपुरा आ रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा तो किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अली अकबर गंभीर रूप से घायल हो गया।
देवबंद में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर कार और बाइक की भिडंत में बाइक सवार की मौत हो गई। घटना के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
शनिवार की देर शाम नागल गांव निवासी शमीम (45) बाइक पर देवबंद से घर जा रहा था। जब वह सहारनपुर मुजफ्फरनगर मार्ग पर पडने वाले मेघराजपुर गांव के समीप पहुंचा तो सामने से आई तेज गति वैगनआर कार से उसकी आमने सामने की टक्कर हो गई।
जिसमें शमीम की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसको सरकारी अस्पताल में भिजवा दिया। अस्पताल में तलाशी दौरान पुलिस को मृतक की जेब से मिले मोबाइल और कुछ काजगों से उसकी पहचान हुई।
जिसके आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि शमीम देवबंद में फूल डेकोरेशन का काम करता था। जो बाइक पर अपने घर लौट रहा था।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घटना के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। चालक के बारे में जानकारी की जा रही है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।