सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक्सल टूटने से ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबने से किसान की मौत हो गई। वहीं, वाहन से कुचल कर एक अन्य युवक की भी मौत हो गई।
मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नागल के गांव सलेमपुर निवासी इंद्र सिंह का पुत्र संदीप (35) ट्रैक्टर ट्राली में गन्ने लाद कर चीनी मिल में डालने जा रहा था।
ट्राली में लोड ज्यादा था। सुबह करीब आठ बजे रणखंडी रेलवे फाटक के समीप अचानक ट्रैक्टर ट्राली का एक्सल टूट गया। जिस कारण अनियंत्रित होकर ट्राली पलट गई। जिसके नीचे दबकर संदीप की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल चमन सिंह चावड़ा घटनास्थल पर पहुंचे तथा गन्नों के नीचे दबे संदीप को बाहर निकाला गया। शिनाख्त होने के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
कोतवाल ने बताया कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। जिसके बाद संदीप का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं, कासिमपुर और भायला मार्ग पर एक युवक की किसी वाहन से कुचलकर मौत हो गई। शव के ऊपर से कई वाहन गुजर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर एकत्र लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, सहारनपुर कोतवाली मंडी क्षेत्र की खाताखेड़ी कॉलोनी में बुधवार की दोपहर करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया।
परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ ले गए। कोतवाली पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।