गागलहेड़ी। एसडीएम सदर के आदेश पर नायब तहसीलदार ने सोमवार की देर रात हरौड़ा गांव में अवैध खनन कर रही जेसीबी सहित दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह ने बताया की काफी समय से हरौड़ा गांव में अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थी। कई बार टीमें भेज कर जांच कराई गई लेकिन खनन में कोई पकड़ नहीं हुई। सोमवार देर रात गांव वालों की सूचना पर नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गांव में पहुंची। जहां पर एक जेसीबी से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। इस पर चालक परिचालक को जेसीबी सहित पुलिस को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया की दोनों युवक कोई भी प्रपत्र नहीं दिखा पाए हैं। जेसीबी के स्वामी और मिट्टी ठेकेदार के संबंध में जांच की जा रही है। यदि खनन करने संबंधी कोई प्रपत्र नहीं दिखा पाए तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई कराई जाएगी।