गंगोह। मोहल्ला कुरैशियान में बच्चों के विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें सात लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
तीतरों मार्ग स्थित एक गार्डन में मोहल्ला निवासी मुस्तकीम के बेटे का वलीमा था। यहां नाश्ता करने को लेकर बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और कुरैशियान चौक पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते-ही-देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई और पथराव भी हुआ। इसमें एक पक्ष के अथहर कुरैशी, महजर, अजहर और कैफ और दूसरे पक्ष के अली कुरैशी, अहतेशाम और वसीम घायल हो गए। दोनों पक्ष घटना के बाद थाने पहुंचे। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। उधर, क्षेत्राधिकारी शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।