कोतवाली सदर बाजार पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोर गैंग के सदस्य।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के दो सदस्यों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से एक बोलेरो कार, एक कटी वैगनआर कार के पार्ट्स और एक बाइक बरामद हुई है। तीनों वाहनों को सहारनपुर से ही चोरी किया गया था। एक आरोपी पहले भी वाहन चोरी के मामले में दो बार जेल जा चुका है।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि कोतवाली सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम के सदस्यों ने आरोपियों को पेपर मिल रोड से बोलेरो कार सहित दबोच लिया। आरोपियों ने अपने नाम दाउद निवासी सफरपुर रुड़की व हाल निवासी रेती वाला चौक देवबंद और नन्हा निवासी मीनाक्षी चौक मुजफ्फरनगर बताए। मौके से बरामद बोलेरो कार को सहारनपुर के मोहल्ला प्रद्युम्मननगर से चोरी किया था। आरोपियों की निशानदेही पर कटी हुई वैगन आर कार के पार्ट्स और बाइक बरामद हुई है। आरोपियों ने वैगन आर कार मंदाकिनी विहार और बाइक दिल्ली रोड से उड़ाई थी। दोनों आरोपी अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग के सदस्य हैं। वाहन चोरी के मामले में दाउद पहले भी दो बार जेल जा चुका है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों पड़ोसी जनपदों से भी वाहन चोरी कर चुके हैं।
दाउद चोरी कर नन्हे को बेचता था वाहन
सहारनपुर। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि दाउद अलग-अलग स्थानों पर किराए पर रहता था और वाहन चोरी कर नन्हे को बेचता था। नन्हे स्क्रैप कारोबारी है, जो वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स बेचता था। नन्हे थानों में होने वाली वाहनों की नीलामी में वाहन खरीदता था। इसी की आड़ में वह चोरी के वाहन भी खरीद लेता था।
10 सदस्यों का हैं गैंग
सहारनपुर। एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपी दाउद है। इस गैंग में दस सदस्य हैं। इनमें ज्यादातर कबाड़ी का काम करते हैं, जो वाहनों को काटकर ठिकाने लगाते हैं। पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली सदर बाजार के उपनिरीक्षक प्रदीप यादव, नीशू तोमर, नरेशपाल, स्वाट टीम के प्रभारी मुबारिक हसन, हेडकांस्टेबल राजवीर, शाहनवाज, कांस्टेबल सुमित, कमल कौशिक, विपिन कौशिक शामिल रहे।