पतंगबाजी के दौरान शनिवार को हादसों का सिलसिला शाम तक जारी रहा। सिटी कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की शाम पतंग उड़ाते समय ही छत के पास की हाईटेंशन तार से करंट की चपेट में आने पर एक युवक की मौत हो गई। बिजनौर के रहने वाले उसके परिजन यहां कोई कार्रवाई कराए बिना ही शव ले गए। जबकि जनकपुरी क्षेत्र में पतंगबाजी के दौरान छत से गिरे एक युवक की हायर सेंटर पर ले जाते समय मौत हो गई।
इसके अलावा पतंग उड़ाते समय ही अलग-अलग जगहों पर दो किशोर छत से गिर गए, जबकि चाइनीज मांझे की चपेट में आने से सात और राहगीर जख्मी हुए हैं। सिटी कोतवाली में नवाब गंज के पास मूलरूप से बिजनौर का रहने वाला नसीम नाम का युवक शहर में गद्दे ठीक करने और उनकी रूई बीनने का काम करता है।
वह सड़क पर ही जगह बदल बदलकर यह काम करता रहा है। शुक्रवार को शहर में चल रही पतंगबाजी के दौरान उसने भी छत पर पतंग उड़ाने और लूटी पतंग को पकड़ने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इसी कोशिश के दौरान वह यहां हाईटेंशन तार के करंट की चपेट में आ गया।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी नवाबगंज चौकी और सिटी कोतवाली में दी लेकिन पुलिस के पहुंचने तक यहां रहने वाले परिचित शव बिजनौर ले गए। वहां रहने वाले पंकज उपाध्याय, सरजू और सुहान ने बताया कि हादसे के बाद मृतक की बीवी भी बेहोश हो गई थी। लेकिन वह सुरक्षित है।
उन्होंने बताया कि मृतक के बारे में यहां के लोग इतना ही जानते हैं कि वह बिजनौर का रहने वाला है। इससे अधिक जानकारी किसी से नहीं मिल पाई। पुलिस भी हादसे की जानकारी और मृतक के बारे में जानकारी जुटाने की जद्दोजहद करती रही।
वहीं जनकपुरी निवासी 29 वर्षीय अनुराग उर्फ रिंकू कुछ अन्य लोगों के साथ घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इस छत पर मुंडेर नहीं है। बताया जाता है कि शाम के समय पतंग उड़ाते समय अचानक संतुलन बिगड़ने पर वह नीचे गिर गया। गंभीर चोटें आने के बाद परिजन उसे हायर सेंटर जौली ग्रांट ले जाने लगे तो रास्ते में यमुनानगर के पास ही उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
पतंग काटने के चक्कर में छत से गिरे
पतंगबाजी के दौरान एक दूसरे की पतंग काटने के जुनून में दो किशोर छत से गिर गए। उन्हें घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया। हरेटी के पास का रहने वाला 13 वर्षीय युवक अभिषेक चौकी सराय में छत पर दोस्तों संग पतंग उड़ा रहा था।
इसी दौरान पतंग उड़ाने की कोशिश में वह संतुलन खो बैठा और छत से गिर गया। इसके अलावा भगवती कालोनी निवासी 18 वर्षीय अभिलाष भी घर की छत पर पतंग उड़ाते समय छत से गिरकर जख्मी हो गया। दोनों को जिला अस्पताल लाकर उपचार दिलाया गया।
पतंग लूटने के चक्कर में चार किमी चला गया बच्चा
करीब पांच साल के एक बच्चे पर चढ़े पतंग के जुनून ने तो हद ही कर दी। यह बच्चा पतंग लूटने के चक्कर में सड़क पर दौड़ते भटकते हुए चार किलोमीटर दूर तक आ गया। बाद में सदर थाने पर लाए जाने के बाद पुलिस की मदद से परिजनों तक पहुंचा।
सदर थाना प्रभारी एसके दुबे ने बताया कि विजय कालोनी निवासी सुशील कुमार का पांच साल का बच्चा विवेक शुक्रवार को भटकती हालत में कुछ पतंगों के साथ मिला था। उसे थाने पर लाया गया। पूछताछ की गई। पहले तो इतना ही बताता रहा कि उसका नाम विवेक है और पापा का नाम सुशील कुमार है। उसने बताया कि वह लूटी हुई पतंगों के चक्कर में सड़क पर इधर उधर घूम रहा था।
काफी जद्दोजहद के बाद पता चला कि यह बच्चा शहर की विजय कालोनी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक यह कालोनी थाने से करीब चार किलोमीटर दूर है। पुलिस के साथ परिजन भी हैरान रह गए कि बच्चा पतंग के चक्कर में किस तरह यहां तक पहुंच गया। इस बच्चे को ले जाते समय भी उसे खुश करने के लिए कुछ पतंगें और दी गईं।