सहारनपुर में बेहट और गंगोह में हुए दो सड़क हादसों में दो की मौत हो गई, जबकि हादसों में कई गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली दुर्घटना में
दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर मंगलवार रात किसी वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी।
हादसे में दो साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने घायलों को बेहट सीएचसी पहुंचाया। हादसा रात करीब आठ बजे हुआ।
थाना मिर्जापुर के गांव रायपुर निवासी अनीस कुरैशी अपने बीवी बच्चों के साथ सहारनपुर रिश्तेदारी में ईद मिलन के लिए गया था। रात जब वह परिवार के साथ बाइक पर गांव रायपुर लौट रहा था।
दिल्ली-यमनोत्री हाईवे पर कोतवाली बेहट क्षेत्र में गांव ताजपुरा के पास उनकी बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार अनीस, उसकी पत्नी हिना, बेटा अनस (6), बेटी तायबा (6 माह) घायल हो गए, जबकि दो साल की बच्ची लायबा की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने घायलों को सीएचसी बेहट पहुंचाया। उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दूसरे हादसे में गांव खानपुर गुर्जर निवासी 30 वर्षीय अहसान अपने रिश्तेदार अमजद के साथ गांव बालू में अपनी ससुराल में हो रही ईद की दावत में शरीक होने जा रहा था। तभी उनकी बाइक नानौता मार्ग पर अनाज मंडी के समीप दूसरी तरफ से आ रही बाइक से टकरा गई।
दूसरी बाइक पर गांव राजपुर लतीफपुर निवासी दिलेर सिंह और दिलबाग सिंह सवार थे। टक्कर लगते ही चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। अहसान को मृत घोषित कर दिया गया जबकि अमजद, दिलेर और को जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां दिलेर सिंह की हालत नाजुक बताई गई।