सहारनपुर के बिहारीगढ़ में शिवालिक तलहटी में बसे घाड़ के अति पिछड़े गांव खुशहालीपुर की दशा बदहाल है। गांव में स्वच्छ पेयजल की समस्या अब तक पूरी तरह से समाप्त नहीं हो पाई है।
आदर्श गांव बनने के बाद जल निगम द्वारा यहां एक टंकी की स्थापना पूर्व में की गई है। मगर, गरमी के मौसम में तो जब बिजली आपूर्ति का संकट खड़ा होता है। 2015 में गांव में पांच हैंडपंप लगवाए थे लेकिन पिछले दिनों गांव में आई टीम ने जांच के बाद इनका पानी भी दूषित पाए जाने के बाद पीने लायक नहीं माना।
सांसद द्वारा एक टंकी का निर्माण और करा दिया गया है लेकिन अभी तक इसकी पाइप लाइन तक नहीं बिछ सकी है। हालांकि पाइप लाइन के कार्य को हाल ही में मंजूरी मिल गई है।
भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा द्वारा गोद लिए जाने से पहले बेहद खराब थी। तीन साल में सांसद के प्रयासों से गांव का काफी कुछ कायाकल्प हुआ है। हालांकि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।
मुजफ्फराबाद विकास खंड के इस गांव को सांसद आदर्श गांव योजना के तहत गोद लिए जाने के बाद राघव लखनपाल शर्मा ने सांसद निधि से सड़कों, नालियों और पुलिया के मद में ही 47 लाख रुपये से निर्माण कार्य कराए हैं।
इसके अतिरिक्त बीस लाख रुपये से सड़क और नाली निर्माण के साथ ही 18 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा गांव की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया गया।
विकास खंड द्वारा मुख्य सड़क पर 25 लाख रुपये की लागत से पुलिया का निर्माण कराया गया। इसी मार्ग पर यात्री टीन शेड का निर्माण कराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को गति देते हुए गांव में 697 शौचालयों का निर्माण कराया गया है।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत संपूर्ण गांव का विद्युतीकरण कराते हुए दो 63 और दो सौ-सौ केवीए के ट्रांसफार्मर गांव में रखवाए गए हैं।
तीन करोड़ पचास लाख रुपये की लागत से गांव में पाइप लाइन बिछाने के साथ ही खुशहालीपुर खुर्द गांव में ओवरहैड टैंक की स्थापना कराई गई है। तीन नए हैंडपंप लगाने के साथ ही 32 नए हैंडपंप लगाए गए।
कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा गांव में किसान मेले का आयोजन कराते हुए किसानों को स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराए गए। उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम की तैनाती कराई गई।
इसके साथ ही उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा जिला मुख्यालय सहारनपुर से गांव तक नियमित रुप से बस सेवा का संचालन कराया गया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न शिविरों का आयोजन कराया गया।