- हरिद्वार की सिडकुल पुलिस से बचते हुए भाग रहे थे आरोपी, नाजिरपुरा से पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली पुलिस ने शेखपुरा कदीम गांव के पास नागल निवासी व्यक्ति को कार से कुचलने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी चोरी व लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे थे। इन पर अलग-अलग थानों में कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
शनिवार को हरिद्वार की सिडकुल पुलिस कार सवार बदमाशों का पीछा कर रही थी। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने सहारनपुर की सीमा में प्रवेश किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। पुलिस ने शेखपुरा कदीम चौकी के पास बदमाशों को रोकने के लिए बैरीकेडिंग लगाए थे। इसी दौरान बदमाशों ने बैक गियर में लेकर कार को दौड़ा दिया। कार के पीछे आ रहे बाइक सवार नागल के मायाहेड़ी निवासी शीतल (53) को कुचल दिया था। उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल भर्ती कराया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
घटना के बाद बदमाश भाग निकले थे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी। शनिवार देर रात पुलिस ने आरोपियों रोहित निवासी अकबरपुर व नईम निवासी लहसवाड़ा थाना देवबंद को गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल कार को भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ लूट व चोरी की कई प्राथमिकी दर्ज हैं।
चोरी की घटना में थे शामिल
बीते दिनों हरिद्वार जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इस घटना में सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सहारनपुर निवासी रोहित और नईम का नाम लिया था। इसके बाद से पुलिस दोनों की लोकेशन ट्रेस कर रही थी। शनिवार को दोनों की लोकेशन सहारनपुर के शेखपुरा कदीम गांव के पास ट्रेस हुई थी। बरामद कार उत्तराखंड नंबर की है।
वर्जन
कार से व्यक्ति को कुचलने वाले दो बदमाशों को पकड़ लिया है। दोनों बदमाश देवबंद थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ लूट व चोरी की कई प्राथमिकी दर्ज हैं। - मनोज कुमार यादव, सीओ द्वितीय