सहारनपुर, देवबंद। श्मशान की भूमि पर शनिवार को दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग के मामले में वाल्मीकि समाज और पुलिस की ओर से दो अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज हुई हैं। इसमें 22 नामजद और 55 अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। जबकि भाजपा नेता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
रविवार को पुलिस ने फायरिंग प्रकरण में वाल्मीकि समाज के अविनाश की तहरीर पर दुगचाड़ा गांव निवासी युवराज, मिरगपुर निवासी बंटी, सचिन, घलौली गांव निवासी अभिषेक त्यागी, नागल थाना क्षेत्र के गांव जोला निवासी सौरभ, रजत और देवबंद के मोहल्ला लहसवाड़ा निवासी भाजपा नेता तंजीम, दिलनवाज, नौशाद, राहुल और प्रियांशु पंडित के अलावा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तंजीम और बंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें देहरादून, मुजफ्फरनगर समेत अन्य शहरों दबिश दे रही हैं।
उधर, कोतवाली के उपनिरीक्षक विकास चारण की ओर से वाल्मीकि बस्ती निवासी राहुल, सावन, आकाश, दीपक चंचल, आशीष, अविनाश, अनिकेत, सन्नी, कुलदीप, विनीत, दीपक आदि नामजद किए गए 11 लोगों के विरुद्ध पुलिस ने कब्जे की नीयत से हथियारों से एक दूसरे पर हमलावर होने और आतंक का माहौल पैदा करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें 55 अज्ञात भी शामिल हैं।