चिलकाना। एटीएम कार्ड उपभोक्ता के पास होने के बावजूद किसी अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम मशीन से दो बार 10-10 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव नारायणपुर गुर्जर निवासी अरविंद पुत्र श्याम सिंह ने बताया कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक की टोडरपुर शाखा में है तथा वह रुपये एटीएम से ही निकालता है। 14 अगस्त को उसने स्टेट बैंक की चिलकाना शाखा से एटीएम के माध्यम से पांच सौ रुपये निकाले थे। उसी दिन शाम करीब आठ बजे उसके मोबाइल पर दो बार 10 - 10 हजार रुपये निकालने का मैसेज आया। अरविंद ने बताया कि एटीएम कार्ड उसके पास मौजूद है तथा किसी को पिन नंबर भी नहीं बताया गया है। अरविंद ने थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।