सहारनपुर। ग्लोकल मेडिकल कॉलेज में बने कोविड केयर सेंटर के दो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें मरीज इलाज में लापरवाही, गंदगी होने और भोजन में दलिया, फल आदि नहीं मिलने का आरोप लगा रहे हैं।
एक वीडियो में मरीजों के बेड पर जाकर उन्हें कोविड केयर सेंटर में मिल रहे इलाज के बारे में पूछा गया तो एक महिला बता रही है कि उन्हें दो दिन से शरीर में दर्द है। बार-बार कहने के बाद एक कर्मचारी अंदर आया और एक गोली देकर चला गया। उस गोली का कोई असर नहीं हुआ है। उसके बाद से किसी ने आकर हाल नहीं पूछा है। उसका कहना है कि उन्हें साधारण रोटी, सब्जी, चावल दिए जा रहे हैं। दूसरे वीडियो में वीडियो बनाने वाला व्यक्ति फर्श पर बिखरे भोजन, शौचालय में फैली गंदगी आदि को दिखा रहा है। इससे पहले भी ग्लोकल कॉलेज के वीडियो वायरल हो चुके हैं। उनमें भी गंदगी और इलाज में लापरवाही की बात सामने आई थी।
वीडियो में जो महिला व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रही है, जिस बेड पर वह हैं उस बेड को देखो कई प्राइवेट अस्पतालों में इतनी सफाई नहीं रहती है। जो भोजन फर्श पर पड़ा है, वह एंट्री पर है, जहां भोजन परोसा जाता है। वीडियो में अंदर की ओर पूरी सफाई नजर आ रही है। रही बात भोजन की तो 100 रुपये में अच्छा नाश्ता, लंच, डिनर और चाय दी जा रही है।
- डॉ. बीएस सोढी, सीएमओ।