देवोत्थानी एकादाशी पर तुलसी शालिग्राम विवाह हुआ संपन्न
सहारनपुर। महानगर के मंदिरों में देवोत्थानी एकादाशी पर श्रद्घाभाव से तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न हुआ। प्रभु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।लोगों ने घरों पर भी मां तुलसी और भगवान विष्णु की पूजा अर्चना की।
मोहल्ला किशनपुरा स्थित सिद्ध किराना मंदिर में महामंडलेश्वर बाबा रिजक दास और बाबा गोपाल दास ने तुलसी विवाह संपन्न कराया। उन्होंने कहा भगवान हरि विष्णु, शालिग्राम और मां तुलसी की पूजा करने से मनुष्य के कष्ट दूर होते हैं। साथ ही पुण्य की प्राप्ति होती हैं। इस दौरान संजय वर्मा, संजय, सुरेश शर्मा, हंसराज, सुनील, यशपाल, जगदीश मौजूद रहे।
बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम में अतुल जोशी महाराज और तहसील शिव मंदिर में पंडित अभिषेक कृष्णात्रेय ने तुलसी विवाह संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर में तुलसी का पौधा लगाना चाहिए। ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री बगला मुखी मंदिर में आचार्य पंडित रोहित वशिष्ठ ने पूजन कराया। मेला गुघाल परिसर स्थित श्री विश्राम पुरी काल भैरव मंदिर, आवास विकास स्थित श्री हरि मंदिर, गिल कॉलोनी में श्री नारायण पुरी मंदिर, रामनगर पठानपुरा में श्री दुर्गा मंदिर, गोविंदनगर में मां काली मंदिर, नेहरू नगर में मंशा पूर्ण हनुमान मंदिर, घंटाघर के हनुमान मंदिर, मोहल्ला चौताला स्थित श्री बालाजी मंदिर, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी तुलसी शालिग्राम विवाह श्रद्धा से संपन्न हुआ। वहीं, लोगों ने भी घरों में मां तुलसी और भगवान विष्णु की पूजा अर्चना की। इसके साथ ही प्रसाद बांटा।