सहारनपुर। कांवड़ यात्रा में एक ओर जहां पुलिस-प्रशासन व्यवस्था बनाने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर कुछ पुलिसकर्मी रूट डायवर्ट में रुपये लेकर भारी वाहनों का प्रवेश करा रहे हैं। रुपये लेकर ट्रक को नो एंट्री में निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ। इसके बाद दरोगा व सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है।
मामला रामपुर मनिहारान क्षेत्र के चुनहेटी पुलिस चौकी के पास का है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे स्थित एक पुल के नीचे का बताया जा रहा है, जहां कांवड़ यात्रा के चलते नो एंट्री लगाई गई थी। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिना नंबर प्लेट वाले ट्रक को नो एंट्री में जाने के लिए दो युवक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर रहे।
इसके बाद युवकों ने पुलिसकर्मियों को रुपये दिए, जिसे एक पुलिसकर्मी हाथ में लेकर जेब में डालता नजर आ रहा है। रुपये लेने के बाद पुलिसकर्मी ने ट्रक को नो एंट्री में प्रवेश दे दिया। बताया जा रहा है कि वहां खड़े एक ट्रक चालक ने वीडियो बनाया है। वीडियो उच्च अधिकारियों तक पहुंचा। एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा ने वायरल वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मियों की पहचान कराई, जिसमें उप निरीक्षक, सिपाही अजय राणा के रूप में हुई। साथ ही होमगार्ड पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।