सहारनपुर। ट्रेनों की लेटलतीफी रुक नहीं रही है। रविवार को स्पेशल ट्रेनें ही नहीं, बल्कि नियमित ट्रेनें भी समय के साथ कदमताल नहीं कर पाई। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एक से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ज्यादातर ट्रेनों को प्रारंभिक स्टेशन से समय पर चलाया जा रहा है, लेकिन आउटर पर रोके जाने के कारण ट्रेनें समय से नहीं पहुंच पा रही हैं। देहरादून-सहारनपुर पैसेंजर अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन यह ट्रेन रविवार को एक घंटे की देरी से पहुंची। श्रीगंगानगर-ऋषिकेश एक्सप्रेस 2:10 घंटे, अमृतसर-हरिद्वार जनशताब्दी एक्सप्रेस दो घंटे देरी से आई। वाराणसी-बंठिडा समर स्पेशल ट्रेन 2:20 घंटे, चंडीगढ़-वाराणसी समर स्पेशल चार घंटे, जालंधर सिटी-दरभंगा अंत्योदय एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से आई। अमृतसर-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस और लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस अपने तय समय से दो-दो घंटे देरी से पहुंची है। इनकी वजह से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर घंटों का इंतजार करना पड़ा।