सहारनपुर। दिवाली पर घर जाने के लिए शुक्रवार को ट्रेनों और रोडवेज बसों में भीड़ रही। ट्रेनों की स्थिति यह रही कि जम्मूतवी, अमृतसर से पूर्वांचल और बिहार जाने वाली अधिकांश ट्रेनों के कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। वहीं, रेलवे ने अव्यवस्था से निपटने के लिए सख्त उठाया है। यात्री ट्रेनों के दरवाजे बंद नहीं कर सकेंगे। इसके लिए आरपीएफ और वाणिज्य विभाग कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
त्योहारी सीजन चल रहा है। दिवाली मनाने के लिए लोग घर जा रहे हैं। इसके चलते ट्रेनों और रोडवेज बसों में भीड़ बढ़ गई है। जम्मूतवी, अमृतसर से आने वाली जनसेवा, जलियांवाला बाग, बेगमपुरा, जननायक एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की अधिक भीड़ रही। यात्रियों को ट्रेनों में सीट के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी। सीट नहीं मिलने पर यात्रियों को खड़े होकर ही सफर करना पड़ा।
उधर, रेलवे ने भीड़ को देखते हुए नई व्यवस्था बनाई है। इसके तहत आरपीएफ और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम यह सुनिश्चित करेगी कि कोच के दरवाजे खुले रहें, जिससे यात्रियों को समय पर कोच में प्रवेश मिल सके। खासकर उन ट्रेनों में विशेष नजर रहेगी, जिनमें अधिक भीड़ रहती है। ऐसा ही हाल रोडवेज बसों का भी रहा। सहारनपुर से देहरादून, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बिजनौर और अंबाला जाने वाली रोडवेज बसों में भीड़ रही।
खिड़की से घुसते नजर आए यात्री
अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस की हालत खराब रही। यात्रियों को दरवाजे से चढ़ने की जगह नहीं मिली तो खिड़की का सहारा लेना पड़ा। जैसे-तैसे कोच के अंदर तक पहुंच गए, लेकिन सीट नहीं मिली। यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। भीड़ अधिक होने से यात्री शौचालय में भी बैठे रहे।
त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नियमित व स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही वाणिज्य विभाग की टीम भी भीड़ पर नजर रख रही है, जिससे यात्रियों को ट्रेन के कोच में चढ़ने व उतरने में परेशानी न हो। - यशनजीत सिंह, सीनियर डीसीएम, अंबाला मंडल