सहारनपुर में रेलवे पर ट्रेनो का इंतजार करते यात्री
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। रविवार को शामली और हरिद्वार रूट की ट्रेनों के निरस्त रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्री रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का काफी देर तक इंतजार करते रहे। बाद में रोडवेज का रुख किया। जिससे बस स्टैंड पर भीड़ हो गई। भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने शामली एवं हरिद्वार रूट पर दस-दस अतिरिक्त बसें लगाईं।
रविवार को शामली रेलवे रूट पर लगभग पांच घंटे का ब्लॉक रहा, वहीं सहारनपुर-हरिद्वार रेलवे रूट पर लक्सर के पास ब्लॉक रहा। जिस कारण दोनों रूट की ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। रविवार को ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन भर रेलवे स्टेशन पर भीड़ रही। ट्रेनों का इंतजार करने के बाद यात्रियों ने रोडवेज का रुख किया। जिससे रोडवेज बस स्टैंड पर भारी भीड़ हो गई। बसों में यात्रियों की मारामारी मच गई। व्यवस्था बिगड़ते देख रोडवेज ने अतिरिक्त बसों को इन रूटों पर लगाया। सहारनपुर-देहरादून रूट से बसों को कम कर हरिद्वार और शामली रूटों पर लगाया गया।
रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश सिंह ने बताया कि ट्रेनों के निरस्त होने के चलते बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। जिस कारण दस बसें शामली रूट पर एवं दस बसें हरिद्वार रूट पर अतिरिक्त लगाई गईं हैं। जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली है। उन्होंने बताया कि जरूरत हुई तो अन्य रूटों से हटाकर इन रूटों पर और भी बसें लगा दी जाएंगी।
-- शामली और हरिद्वार रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया है। जिस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रोडवेज ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था शामली एवं हरिद्वार रूट पर की है।