गागलहेड़ी में हिंडन नदी के पुल पर लगे जाम में फंसी एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : mathura
गागलहेड़ी। हिंडन नदी पुल पर लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली खराब होने से वाहनों का लंबा जाम लग गया। जाम में एंबुलेंस और एएसपी तक की गाड़ियां फंसी रहीं। घंटे भर की मशक्कत के बाद किसी तरह जाम खुलवाया जा सका।
सोमवार शाम पांच बजे सहारनपुर-देहरादून मार्ग पर थाने के समीप हिंडन नदी पुल पर लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली खराब हो गई। इसके चलते पुल पर रास्ता वनवे होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। वाहन चालकों ने एक दूसरे पहले आगे निकलने की होड़ के चलते अपने वाहनों को खराब खड़ी ट्रैक्टर-ट्राॅली की बगल में आमने सामने फंसा दिया। इससे कुछ ही देर में एक तरफ हरोड़ा तक तथा दूसरी ओर कैलाशपुर तक वाहनों का जाम लग गया।
जाम के कारण गंभीर मरीज को ले जा रही एंबुलेंस सहित एएसपी की गाड़ी भी फंसी रही। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आड़े तिरछे खड़े वाहनों को एक लाइन में कराते हुए किसी तरह जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। गर्मी के चलते वाहनों में बैठे लोग विशेषकर महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग काफी परेशान रहे।