सरसावा। मानसिक तनाव के कारण नगर के एक व्यक्ति ने अपने ऊपर तेल छिड़क आग लगा ली। पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे व्यक्ति को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना सोमवार तड़के पांच बजे की है। नगर के मोहल्ला पूर्वी अफगानान निवासी मनोज (30) पुत्र बलजीत ने अवसाद में तेल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। बताया जाता है कि मनोज मेहनत मजदूरी कर गुजारा करता था। घटना के वक्त मनोज की पत्नी मायके गई हुई थी। पड़ोसियों ने देखा तो पुलिस को खबर की। पुलिस ने झुलसी हुई अवस्था में मनोज को सीएचसी सरसावा में भर्ती कराया। जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सोमवार शाम सात बजे मनोज की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतक अपने परिजनों से अलग दूसरे घर में रहता था। मृतक के भाई सोनू ने बताया कि भाई ने डिप्रेशन में खुद को आग लगा ली। वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।