सहारनपुर। राहगीरों को धूप से बचाने के लिए नगर निगम चौराहों और तिराहों पर हरे रंग का कपड़े का जाल लगवाएगा। जिससे लाल बत्ती होने पर रुकने वाले राहगीरों को धूप में न खड़े होना पड़े। इस संबंध में महापौर द्वारा निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार को नगर निगम में में महापौर डॉ. अजय कुमार ने महानगर में 31 स्थानों पर लगे वाटर कूलरों को चालू रखने के निर्देश दिए। इसके लिए व्यापारिक, सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों का सहयोग लेने को कहा गया। निगम अधिकारियों और निर्माण अधिकारियों से कहा कि वह समीक्षा करें और यदि जरूरत हो तो निर्माण परियोजनाओं पर पूर्वाह्न 11 बजे से शाम चार बजे तक खुले में श्रमिकों के काम करने पर रोक लगा दें। उन्होंने बंद या खराब नलकूपों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर नगरायुक्त राजेश यादव, महाप्रबंधक जलकल/मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह, सहायक नगरायुक्त शिवराज सिंह, अधिशासी अभियंता जलकल वीबी सिंह आदि मौजूद रहे।