थाना कुतुबशेर पुलिस द्वारा पकड़े गये नशा तस्करी के आरोपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मादक पदार्थों के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी भागने में सफल रहा। आरोपी मध्य प्रदेश से कैंटर में 11 क्विंटल डोडा-पोस्त को 48 कट्टों में भरकर लाए थे, जिसे गंगोह में सप्लाई करना था। पुलिस का दावा है कि बरामद डोडा-पोस्त की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ रुपये है।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर पीयूष दीक्षित ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर भऊपुर की पुलिया के पास एक कैंटर को रोककर तलाशी ली, जिसमें चाऊमीन के 399 कट्टों के बीच 48 कट्टे डोडा-पोस्त के छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने मौके से बिलाल पुत्र इरशाद निवासी खानपुर, चालक रोहित सैनी पुत्र पवन सैनी निवासी मुबारिकपुर कोतवाली गंगोह, रजत पुत्र मामचंद निवासी सुल्तानपुर थाना चिलकाना को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी सोनू उर्फ परवेज निवासी गांव दुमझेड़ा थाना चिलकाना फरार हो गया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो चाकू भी बरामद हुए हैं। आरोपी सोनू कार से अलग चल रहा था, जो गंगोह में कैंटर से डोडा उतरवाकर अपने वाहन में भरकर आगे सप्लाई करता है। एसएसपी ने मादक पदार्थ के तस्करों को पकड़ने वाली टीम को 15 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।