दो जगहों पर एचटी लाइन के करंट से तीन भैंसों की मौत
गागलहेड़ी/चिलकाना। घर के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन खंभे में उतरने से उसकी चपेट में आकर घर में बंधी दो भैंसों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हरोड़ा मुस्तकहम गांव निवासी इरफान व इरशाद की दो भैंसे घर के अंदर बंधी हुई थी। उसके घर के पास से 33 केवीए की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। उधर, चिलकाना में भी करंट से एक भैंस की मौत हो गई।
बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे लाइन में फाल्ट हो गया। इसके चलते पास के बिजली के खंभों में करंट दौड़ गया। इसकी चपेट में आने से दो भैंसों की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने जब तेज आवाज सुनी तो घर से निकल कर आए। ग्रामीणों ने पास ही स्थित बिजली घर पर पहुंच कर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इरफान ने बताया की उसकी दोनों भैसें बच्चा देने वाली थीं। कुछ दिनों पहले ही वह भैंसों को दो लाख रुपये में खरीद कर लाया था। इससे पहले भी उसके मकान में कई बार करंट आ चुका है। इस संबंध में वह डीएम सहित मुख्यमंत्री कार्यालय तक गुहार लगा चुका है लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी है।
उधर, चिलकाना के पटनी गांव में भी हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक भैंस मर गई। पुलिस को ग्रामीण हुसैन पुत्र जमील ने बताया कि गांव के बाहर बने घेर के बाहर उसकी भैंस बंधी हुई थी। अचानक वहां से गुजर रही एचटी लाइन के तारों में फाल्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से उसकी भैंस की मौत हो गई। पीड़ित हुसैन ने बताया कि उसकी भैंस की कीमत एक लाख 50 हजार रुपए थी। हुसैन ने विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उसे मुआवजा दिलाने की मांग की है। हुसैन ने विद्युत विभाग के अवर अभियंता चिलकाना को प्रार्थना पत्र देकर भी मुआवजे की मांग की है।