नानौता पुलिस द्वारा पकड़े गए बदमाश और बरामद सामान
- फोटो : SAHARANPUR
मोबाइल टावरों के 23 लाख के सामान सहित तीन गिरफ्तार
नानौता (सहारनपुर)। उत्तराखंड से मोबाइल टावरों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर माल बेचने जा रहे तीन हथियारबंद बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 23 लाख रुपए कीमत का टावर के सामान सहित दो तमंचे, कारतूस, छुरा तथा चोरी में इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। बदमाशों की पहचान आदर्श तोमर उर्फ अंकित पुत्र सुंदरपाल, रवि कुमार पुत्र रोशनलाल तथा कुलदीप तोमर पुत्र सेठ पाल निवासी ग्राम हथछोया थाना झिंझाना जिला शामली के रूप में की गई है। बदमाशों पर थाना नानौता में चार तथा थाना झबरेड़ा व थाना कलियर में एक एक मुकदमा दर्ज है।
थानाध्यक्ष विरेशपाल गिरि ने बताया कि रविवार रात करीब 9 बजे उनकी टीम एसएसआई धीरेंद्र सिंह, एसआई कुंवरपाल सिंह, एसआई राजीव सिंह, कांस्टेबल सतेंद्र कुमार व मुस्तकीम द्वारा क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गंगोह रोड स्थित हिमामपुर नहर पुल के पास एक गाड़ी में कुछ संदिग्ध लोग जा रहे हैं। पुलिस ने वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक विटारा ब्रेजा कार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्र्रवाई कर कार सवार तीन बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों के पास से पुलिस को मोबाइल टावर के तीन डुप्लेक्स तथा 12 टीआरएक्स ( बीटीएस ) दो तमंचा 315 बोर, दो कारतूस, दो कारतूस एक छुरा व घटना में प्रयोग की गई एक कार बरामद हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों बदमाश उत्तराखंड जिला हरिद्वार के थाना झबरेड़ा तथा थाना कलियर में लगे मोबाइल टावरों से चोरी की घटना अंजाम देकर माल बेचने के लिए शामली जा रहे थे। बदमाशों के पास से करीब 23 लाख रुपये कीमत का टावरों का सामान बरामद हुआ है।