सहारनपुर। नगर कोतवाली पुलिस ने लूट और चोरी की वारदातों में शामिल गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। साथ ही उनके कब्जे से 10,400 रुपये की नगदी और वारदात में प्रयुक्त एक थ्री व्हीलर को बरामद किया है।
नगर कोतवाल के मुताबिक पिछले काफी समय से इस गिरोह के सदस्यों के बारे में सूचनाएं मिल रही थीं। एक सूचना पर मंगलवार की रात में करीब 11 बजे उपनिरीक्षक अजीत कुमार सहित अन्य सदस्यों की टीम ने पुल खुमरान के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि भोले-भाले लोगों को तिपहिया वाहनों में बैठाने के बाद मौका पाते ही उनसे लूटपाट की वारदात कर रहे हैं। कुछ जगहों पर चोरी की घटनाओं में भी ऐसे वाहनों का प्रयोग किया।
पकड़े गए आरोपियों में राशिद और राजपाल निवासी हसनपुर थाना सदर बाजार के अलावा साहवेज निवासी रक्खा कॉलोनी हसनपुर थाना सदर बाजार शामिल हैं। पुलिस ने कहा इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।