राधा स्वामी सत्संग मेजर सेंटर में आते मजदूर
- फोटो : SAHARANPUR
सख्त निगरानी के बीच पहुंच रहे हजारों कामगार
सहारनपुर। हरियाणा, पंजाब सहित अन्य राज्यों से हजारों प्रवासी कामगारों के आने का सिलसिला जारी है। पिलखनी स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन के मेजर सेंटर में अब तक हरियाणा की ओर से 125 और पंजाब की ओर से पांच बसें पहुंची हैं। इसके अलावा पैदल आने वाले करीब 2000 प्रवासी मजदूरों को आश्रय स्थल पर प्रवेश दिया गया है। इनके अलावा कुछ प्रवासी मजदूर साइकिलों से आए। इन्हें भी आश्रय स्थल में बुला लिया गया।
डीएम अखिलेश सिंह और एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने आश्रय स्थल पहुंचकर प्रवासी मजदूरों के बारे में जानकारी ली। उनको क्षेत्रवार व्यवस्थित करने के साथ ही अनावश्यक रूप से पैदल न चलने, कारोना संक्रमण से बचने के लिए सावधान किया। अफसरों ने बताया कि अंबाला हाईवे पर मजदूरों के प्रदर्शन के बाद से ही आश्रय स्थल से लेकर बार्डर तक सख्त निगरानी की जा रही है। यूपी-हरियाणा की सीमा पर फिलहाल कोई परेशानी नहीं है। वहां से प्रवासी मजदूरों की बसों का आवागमन सुचारु रूप से जारी है।
उन्होंने बताया कि इन कामगारों को अब बसों के साथ ही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के माध्यम से भेजा जा रहा है। इसलिए अब भीड़ कंट्रोल को लेकर भी ज्यादा परेशानी नहीं है। सोमवार रात यहां 7150 कामगारों को आश्रय दिया गया था। इन्हें राउंड वाइज निकाला जा रहा है।