ये है यूपी पुलिस : पांच दुकानों में चोरी के खुलासे में बरामदगी केवल 1560 रुपये
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने हाल ही में कस्बे में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से 1560 रुपये की नगदी, एक टाटा मैजिक गाड़ी, नकब लगाने के उपकरण भी बरामद होने का दावा किया। जबकि मुख्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त में नहीं आ सका है।
शुक्रवार की रात में चोर कस्बे के अघ्याना तिराहे के पास स्थित धीरज सिंघल की आढ़त की दुकान में छत के रास्ते एक रोशनदान को तोड़कर करीब पचास हजार की नगदी से भरा लोहे का गल्ला उखाड़ ले गए और चोरों ने वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की एलसीडी तोड़ दी। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई । पुलिस अभी इसकी छानबीन ही कर रही थी कि चोरों ने अगली ही रात कस्बे में टाबर रोड पर चार दुकानों के शटर उखाड़कर इन दुकानों से एक लाख की नगदी व कीमती सामान चुराया। लगातार दो रात में पांच दुकानों में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में रोष फैला है।
रविवार की सुबह व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस से चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की । सोमवार को सीओ अजेय कुमार शर्मा ने मामले का खुलासा कर बताया कि पुलिस ने रविवार की रात में सीएचसी के समीप से संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ी एक टाटा मैजिक गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से नकब लगाने के उपकरण बरामद हुए। इसमें मौजूद दो लोगों से वहां खड़े होने की बाबत पूछताछ की तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। पुलिस दोनों आरोपियों को गाड़ी सहित कोतवाली ले आई और पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बीती दो रातों में पांच दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होना बताया।
सीओ ने बताया तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किए रुपये में से 1560 रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार उक्त आरोपियों ने पकड़ी गाड़ी में अपने बिस्तर लगा रखे थे और रविवार की रात में भी वह अन्य दुकानों में चोरी करने के इरादे से वहां खड़े अपने अन्य फरार चल रहे साथी का इंतजार कर रहे थे। कोतवाल सुशील सैनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। पकड़े गए कलीम पुत्र फराज निवासी मोहल्ला बंजारान व इरफान पुत्र यासीन निवासी मोहल्ला जोगियान नकुड़ ने पूछताछ में बताया कि चोरी रुपये में से ज्यादातर रुपये खर्च कर चुके हैं और चोरी का गल्ला व अन्य सामान फरार चल रहे मुख्य आरोपी के पास हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा।
पुलिस खुलासे पर व्यापारियों ने उठाए सवाल
नकुड़। कस्बे की पांच दुकानों से की गई चोरी की घटनाओं का 24 घंटे के अंदर ही जहां पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है, वहीं पीड़ित व्यापारी पुलिस द्वारा किए गए खुलासे पर सवाल खड़े कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से मात्र 1560 रुपये की बरामदगी दिखाई है, जबकि चोरों ने एक लाख से अधिक की नगदी व इतनी ही कीमत के अन्य सामान पर हाथ साफ किया है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष सुभाष सिंघल, उपाध्यक्ष मनोज गोयल, पीड़ित व्यापारी धीरज सिंघल, अवनीश गर्ग, अवनीश सैनी आदि ने पुलिस द्वारा किए गए खुलासे पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बदमाशों ने बीते शुक्रवार की रात धीरज सिंघल की आढ़त से करीब पचास हजार से अधिक की नगदी व जरूरी कागजात सहित लोहे का गल्ला चुरा लिया था तथा शनिवार की रात मास्टर सतपाल गर्ग की आढ़त से 25 हजार की नगदी, शोभा पेस्टीसाइड से नगदी व सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर, डिस टीवी का सेटटॉप बाक्स व अन्य सामान, गणेश ट्रेडिंग कंपनी से सात हजार की नगदी, एलसीडी व सेटटॉप बाक्स आदि सामान तथा सुरेश की सेटरिंग की दुकान से करीब बीस हजार की नगदी चुरा ली थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से मात्र 1560 रुपये की बरामदगी दिखाकर अपना पल्ला झाड़ लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के पास से टाटा मैजिक के अलावा शटर उखाड़ने के उपकरणों के नाम पर मात्र एक लकड़ी का डंडा व एक पेंचकस बरामद होना बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने खुलासे से पूर्व किसी व्यापारी नेता या पीड़ित व्यापारियों को विश्वास में लेने के लिए सूचना तक देना भी उचित नही समझा। इससे व्यापारियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि लाखों की चोरी हुई है और बरामदगी मात्र 1560 रुपये होना उनके गले से नीचे नहीं उतर रहा है। वह पुलिस द्वारा किए गए खुलासे को तभी सही मानेंगे जब पुलिस चोरी गये सामान को बरामद करेगी। उन्होंने इस संबंध में मंगलवार को कोतवाल से मिलकर बात करने तथा संतोषजनक उत्तर न मिलने पर मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराने की बात कही है। उधर, इस संबंध में कोतवाल सुशील सैनी का कहना है कि पुलिस सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।