सहारनपुर। कर्फ्यू लगा तो कोरोना केस कम हो गए, अब बाजार खुला तो फिर लापरवाही शुरू हो गई। बस स्टैंड से लेकर महानगर के प्रमुख बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा। दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी है। काफी लोगों के चेहरे से मास्क भी गायब है। सैनिटाइजर का भी प्रयोग नहीं करते हैं। यह लापरवाही ठीक नहीं है। क्योंकि संक्रमितों का आंकड़ा कम हुआ, मगर संक्रमण अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। महानगर के प्रमुख बाजार और बस स्टैंडों पर स्थिति का जायजा लिया गया तो अधिकतर लोग लापरवाह नजर आए।
दोपहर 12:00 बजे: शहीदगंज बाजार
बाजार में लोग सोशल डिस्टेंस पालन किए बिना ही खरीदारी कर रहे थे। सरकार की गाइड लाइन का उल्लंघन किया जा रहा था। दुकानों में बड़ी संख्या में लोग बैठे हुए नजर आए।
दोपहर 12:30 बजे -- श्रीराम चौक से घंटाघर
यहां पर सोशल डिस्टेंस तार तार मिली। भीड़ की वजह से सड़क पर जाम रहा। नागरिक और दुकानदार दोनों ही लापरवाही बरते हुए दिखाई दिए।
दोपहर 01:00 बजे -- मोरगंज बाजार
मोरगंज बाजार में स्थिति ठीक मिली। यहां पर लोगों की ज्यादा भीड़ नहीं थी। कुछ व्यापारी दो गज की दूरी का पालन कराते हुए नजर आए तो कुछ बेपरवाह होकर बिक्री करने में लगे थे।
दोपहर 01:30 बजे -- दवा मार्केट किशनपुरा
प्रशासन ने दवा मार्केट में खरीदारी के लिए जिले भर के मेडिकल स्टोर स्वामियों के रोस्टर बनाए हैं, लेकिन दवा मार्केट में बुधवार को नागरिकों की भारी भीड़ नजर आई। स्थिति इतनी खराब थी कि वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा था।
दोपहर 02:00 बजे -- रोडवेज बस स्टैंड
रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ नजर आई। यहां पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों की कोरोना एंटीजन जांच करते मिली। रेलवे स्टेशन पर भी टीम यात्रियों की कोविड जांच कर रही थी।
02:50 बजे -- दीवानी कचहरी तिराहा और कोर्ट रोड
कोर्ट रोड पर स्थित दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। भीड़ की वजह से दीवानी कचहरी के आसपास जाम लग रहा था। ऐसी स्थिति कलेक्ट्रेट तिराहा और बाजोरिया रोड पर चिकित्सकों के क्लीनिकों के बाहर देखने को मिली।
एक हजार से अधिक हो चुुके हैं चालान
कोरोना कर्फ्यू में छूट के दौरान और अब दिन में बाजार खुलने पर पुलिस की ओर से मास्क न लगाने वाले एक हजार से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद लोग लापरवाही कम नहीं कर रहे हैं। बुधवार को भी पुलिस ने 100 से अधिक लोगों के चालान काटे हैं।
वर्जन
बाजारों में पुलिस की ओर से गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। -- राजेश कुमार, एसपी सिटी।