सहारनपुर। सर्दी बढ़ते ही चोर सक्रिय हो गए। चोरों ने आरपीएफ में तैनात एएसआई के क्वार्टर को खंगाला और 61,500 रुपये की नकदी और मोबाइल चोरी कर ले गए। थाना सदर बाजार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
बागपत जिले के गांव रमाला निवासी विरेंद्र सिंह ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर बताया कि आरपीएफ सहारनपुर में एएसआई के पद तैनात हैं। पांच जनवरी को ड्यूटी कर रात में रेलवे कॉलोनी स्थित क्वार्टर पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद वह सो गए थे। इसी दौरान रात में किसी समय चोर घर में घुसे और एक-एक सामान को खंगाला। चोर अलमारी से 61 हजार 500 रुपये नकद एक मोबाइल चोरी कर ले गया। एएसआई को घर में चोरी होने की भनक तक नहीं लगी।
चोरी हुए मोबाइल में दो सिम थे। पीड़ित ने मोबाइल का आईएमईआई नंबर भी पुलिस को दिया है। थाना सदर बाजार पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।