रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन के बारे में पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश देते एसएसपी डा. एस चिनप्पा
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जनपद में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में प्रत्येक रविवार को महाबंदी यानी संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लोग घरों में ही रहकर मनाएं और सोशल मीडिया पर योग करते हुए वीडियो व फोटो अपलोड करें। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कहीं पर भी उल्लंघन हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में जनपद में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ी है। दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों की संख्या जिले में अधिक है। इस कारण संक्रमण फैल रहा है। लोगों द्वारा लापरवाही बरतने के मामले में भी सामने आ रहे हैं। इसी के चलते पुलिस-प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है। इसी क्रम में अब प्रत्येक रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन का निर्णय लिया गया है। रविवार को मेडिकल स्टोर, दूध की दुकानों और स्वास्थ्य सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद रहेगा। इसके अलावा सिर्फ वह होटल खुलेंगे, जहां पर लोग पहले से रुके हैं, लेकिन किसी को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। जिन लोगों की शादी की तारीख रविवार को निर्धारित हुई है, उनको सामाजिक दूरी का पालन करते हुए और लोगों की संख्या 30 से भी कम रखते हुए अनुमति दी जाएगी। योग दिवस पर कहीं कोई कार्यक्रम नहीं होगा। इसको लेकर शासन ने भी निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि लोग अपने घरों पर सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए ही एकांतवास में योग दिवस मनाएं। सिर्फ सोशल मीडिया पर योग करते हुए अपनी फोटो और वीडियो अपलोड करें। किसी ने नियमों अवहेलना की तो उसके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की जाएगी।
लॉकडाउन में लापरवाही की तो होगी कार्रवाई : एसएसपी
सहारनपुर। जिले में रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन घोषित किए जाने के बाद एसएसपी डॉ. एस चिनप्पा ने कई थानों और चौकियों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए कि इसके अनुपालन में किसी तरह की लापरवाही न की जाए। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर बाकी गतिविधियों पर नजर रखी जाए। इसके साथ ही बंदी का उल्लंघन करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंस सहित अन्य मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
इससे पहले पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले की पहली अपराध गोष्ठी में एसएसपी डॉ. एस चिनप्पा ने कहा कि जिले में बड़ी आपराधिक घटनाओं का खुलासा जल्द किया जाएगा। लंबित प्रकरणों की विवेचना में लापरवाही न हो। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में कोरोना के मामलों को नियंत्रित करें। एसएसपी ने पहले तो जिले के सभी थाना प्रभारियों से परिचय लेकर उनके क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी ली। एसएसपी ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव और नियंत्रण के सभी मानकों को ध्यान में रखकर ही भविष्य में किसी आयोजन की रूपरेखा तैयार होगी।