लॉकडाउन के दौरान नेहरू मार्केट और रानी सराय में पसरा सन्नाटा
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। लॉकडाउन के दूसरे दिन सड़कों पर और बाजारों में सन्नाटा नजर आया तो कहीं गलियों में बच्चे क्रिकेट खेलते नजर आए। शहर के बाजारों में प्रतिष्ठान बंद रहे। कुछ जगहों पर दबाव और अन्य जरूरी सामान की दुकान ही खुले नजर आई। रोडवेज बस अड्डे पर भी यात्री ना होने के कारण सन्नाटा ही पसरा रहा। शहर के श्री राम चौक, नेहरू मार्केट, लोहानी सराय, ढोली खाल, गुरुद्वारा रोड, कुतुबशेर, वुडकार्विंग बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में लॉकडाउन का पूरा असर नजर आया। बाजारों में इक्का-दुक्का वाहन नजर आए तो हाईवे पर वाहनों की संख्या कुछ अधिक रही। शहर के बंजारान, छता जम्मूछता जंबुदास दास और पुराने शहर के अन्य हिस्सों में बच्चे क्रिकेट खेलते नजर आए। यह बच्चे अपने खेल में मस्त रहे। इनमें कोरोना संक्रमण का कोई डर दिखाई नहीं दिया।
आज भी रहेगा लॉकडाउन, लापरवाही ना दिखाएं
सहारनपुर। एसएसपी डॉ एस चनप्पा ने लोगों से अपील की है कि कोरोना संक्रमण काल में लापरवाही ना दिखाएं। इस बार सोमवार को भी लॉकडाउन रहेगा। इसलिए घरों में ही रहे और अनावश्यक रूप से बाहर ना निकले।
लापरवाही करने वाले लोगों पर कार्रवाई जारी रहेगी।
सहारनपुर। कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ जाने के कारण तीन दिन का साप्ताहिक लाकडॉउन लागू करने का निर्णय इसी बार लिया गया था। क्योंकि बीते कुछ दिनों में जनपद में 90 और 100 के बीच कोरोना संक्रमण के मामले लगातार मिल रहे हैं। पूर्व में साप्ताहिक लॉकडाउन 2 दिन का था। शनिवार और रविवार को बाजार बंद रहते थे, लेकिन जब संक्रमण बढ़ने लगा मंडलायुक्त संजय कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक करके लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने के संबंध में व्यापारियों से सुझाव लेकर निर्णय करने का निर्देश दिया। इसके बाद डीएम अखिलेश सिंह ने शहर के व्यापारियों और व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, उसके बाद शनिवार, रविवार और सोमवार को लॉकडाउन लागू करने का निर्णय किया गया।