बादशाहीबाग नदी में फंसी कार को निकालते ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
शाकंभरी/बेहट (सहारनपुर)। शिवालिक पहाड़ियों एवं मैदानी क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में रात्रि 10 बजे उफान आ गया। हालांकि इससे सिद्धपीठ में कोई नुकसान नहीं हुआ। पानी शंकराचार्य आश्रम, रैन बसेरा, अग्रवाल धर्मशाला तक जा पहुंचा। हालांकि सुबह होने पर पानी उतर गया और श्रद्धालु अपने वाहन भूरा देव पर खड़े कर दर्शनों के लिए जा सके। इसके अलावा घाड़ की सभी बरसाती नदियों में भी बाढ़ आई जिसके चलते पूरी रात कई गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा।
बुधवार की रात्रि में 10 बजे सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में बाढ़ आ गयी। हालांकि सिद्धपीठ में गिनती के ही श्रद्धालु रुके थे। शंकराचार्य आश्रम प्रभारी संत सहजानंद महाराज ने बताया कि बाढ़ का पानी शंकराचार्य आश्रम की पांच सीढ़ियों तक जा पहुंचा। इसके अलावा रैन बसेरा, अग्रवाल धर्मशाला आदि की सीढ़ियों तक भी पानी पहुंचा। सिद्धपीठ में बृहस्पतिवार की सुबह भी पानी आया। इसके अलावा दोपहर में और फिर शाम को 4 बजे के लगभग पानी आया। श्रद्धालु अपने वाहनों को भूरादेव पर ही छोड़ कर पैदल ही सिद्धपीठ तक पहुंचे। इसके अलावा रात्रि में घाड़ की सभी बरसाती नदियां उफान पर रहीं। बादशाही बाग खोल, शाहपुर गाड़ा, जैतपुर खुर्द, नौगांवा आदि गांवों की नदियों में भारी बाढ़ के चलते तहसील मुख्यालय से संपर्क कटा रहा। बादशाही बाग नदी में एक कार फंस गई जिसको ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाला।
शाकंभरी खोल में बहता पानी और उससे गुजरते श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR
सिद्वपीठ क्षेत्र में पानी के बीच से माता के दर्शन को जाते श्रद्वालु- फोटो : SAHARANPUR