चिलकाना में मारपीट में घायल युवक।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। युवती के साथ अभद्र व्यवहार के आरोपी को कुछ लोगों ने लाठी डंडों से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। गंभीर घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बृहस्पतिवार दोपहर को चिलकाना बस स्टैंड पर एक युवती अपनी मां के साथ घर जा रही थी। आरोप है उसी समय दो युवकों ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। युवती ने साहस दिखाते हुए छेड़छाड़ करने वाले एक युवक को पकड़ लिया तथा उसकी जमकर पिटाई कर डाली। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही छेड़छाड़ करने वाले युवक फरार हो गए। इसके बाद सायं करीब सात बजे कुछ युवकों ने बस स्टैंड चौराहे पर खड़े छेड़छाड़ के एक आरोपी पर लाठी-डंडों से जमकर हमला कर दिया। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लहूलुहान युवक आदिल पुत्र आबिद निवासी नयाबांस चिलकाना को कस्बे में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी बीएस वर्मा ने बताया कि हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है।