सहारनपुर के चिलकाना के ग्राम पटनी में राशन डीलर के राशन नहीं देने से नाराज महिलाएं भड़क उठी। मंगलवार को उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया और डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ग्राम प्रधान रेखा के नेतृत्व में काफी संख्या में गांव की महिलाएं और कुछ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने राशन डीलर के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि उनके गांव में पिछले कई माह से लोगों को राशन नहीं मिल रहा है।
राशन डीलर समय पर दुकान पर नहीं बैठता है। जब कभी दुकान पर बैठता है तो लोगों से अभद्र व्यवहार करता है। राशन डीलर बीपीएल तथा अंत्योदय कार्ड पर निर्धारित मात्रा में गेहूं, चावल, चीनी तथा तेल नहीं देता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि राशन डीलर दुकान पर मिलता भी है तो निर्धारित रेट से ज्यादा पैसा वसूलता है। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में शामिल प्रधान रेखा, शाहीन, नईमा, सितारो, इमराना, मुनीबे, वर्षा, उजमा, मछला, बोहती देवी, रईसा, रूखसाना, बैतूल, हनीफे, राशिदा, खुर्शिदे, गुलशाना, ब्रिजेश सैनी, संगीता आदि का कहना है कि
उन्होंने पहले भी कई बार उपजिलाधिकारी, जिलाधिकारी तथा मंडलायुक्त को पत्र लिखकर तथा शपथ पत्र देकर राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिलाधिकारी के नहीं मिलने पर महिलाओं ने उनके कार्यालय में ज्ञापन दिया, जिसमें राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए राशन दिलाने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ेगा।