सर्दी ढा रही सितम, बचाव के कम पड़ रहे जतन
सहारनपुर। लोगों के लाख जतन के बावजूद सर्दी का सितम ढा रही है। सुबह, शाम और रात में कोहरा पड़ने से हालात और बिगड़ रहे हैं। दो दिन से दोपहर के समय हल्की धूप से कुछ राहत जरूर मिली लेकिन शीतलहर बुजुर्गों के जान की दुश्मन बन रही है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 18.5 और न्यूनतम 03 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि शनिवार और रविवार का दिन अधिक सर्द रहा। शनिवार को न्यूनतम 1.5 और अधिकतम 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह, रविवार को न्यूनतम 1.6 और अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तीन दिन की इस भीषण सर्दी ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सुबह और शाम के समय बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल कम रहने लगी है। दोपहर के समय हल्की धूप जरूर लोगों को राहत दे रही है।
सर्दी से बचाव को नगर निगम की ओर से अग्रसेन चौक, दिल्ली रोड, रेलवे रोड, रेलवे स्टेशन के निकट, घंटाघर, जीपीओ रोड, जिला अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर, चिलकाना रोड, नकुड़ और कल्पना तिराहे पर रात के समय अलाव की व्यवस्था की जा रही है। मुजफ्फराबाद स्थित मौसम वैधशाला के प्रभारी उमेश कुमार के मुताबिक आने वाले दिनों में में ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा।
-------------
सर्दी से मौत के दर में इजाफा, रोज हो रहे पांच अंतिम संस्कार
सहारनपुर। बुजुर्ग, दिल, बीपी और सांस के मरीजों के लिए ठंड जान की दुश्मन बन रही है। इस बीमारी के मरीजों को भारी परेशानी हो रही ेहै। सर्दी में पिछले दिनों की अपेक्षा मृत्यु दर भी बढ़ी है। हकीकतनगर और अंबाला रोड स्थित श्मशान घाट में रोजाना चार से पांच अंतिम संस्कार हो रहे हैं। अंबाला रोड पर श्मशान घाट की देखरेख करने वाले सरदार भूपेंद्र सिंह और हकीकतनगर श्मशान में रहने वाले ऋषिपाल बताते हैं मरने वालों में बुुजुर्गों की संख्या ज्यादा है। दिसंबर माह में सोमवार तक 60 अंतिम संस्कार हुए। अंबाला रोड श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की संख्या 60 से भी ज्यादा है। इसी तरह बाला दास बाडा स्थित श्मशान और नुमाइशकैंप श्मशान घाट पर रोजाना तीन से चार अंतिम संस्कार हो रहे हैं।
----------------
11 दिन का तापमान
तारीख------न्यूनतम----अधिकतम
10 दिसंबर--10.5---------27
11 दिसंबर--8.8----------26
12 दिसंबर--12-----------22
13 दिसंबर--07-----------20
14 दिसंबर--10-----------16
15 दिसंबर--10.4--------18.5
16 दिसंबर--06----------12.5
17 दिसंबर---05----------10
18 दिसंबर---4.5---------15
19 दिसंबर---1.5---------16.8
20 दिसंबर---1.6---------16.5
21 दिसंबर---03----------8.5
------------------