सहारनपुर में हुई बूंदाबांदी और कोहरे के बीच अपने वाहनो की लाइट जलाकर जाते वाहन चालक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर से देहात तक बुधवार को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम के जानकारों का कहना है कि बारिश के साथ ही सर्द हवा के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।
मंगलवार को सुबह घना कोहरा रहा और दोपहर में धूप और बादलों की आवाजाही रही। लेकिन शाम होने तक बूंदाबांदी के साथ सर्द हवाओं के असर दिखना शुरू हो गया। शहर का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहा जबकि अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह हवा की गति 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रही। शाम को बूंदाबांदी के बीच हवा की गति 22 किलोमीटर प्रति घंटे की रही।
मौसम वैधशाला के प्रभारी उमेश कुमार का कहना है कि बुधवार को मौसम अधिक ठंडा होने की संभावना है। बारिश भी हो सकती है। इसलिए पिछले तीन दिन के मुकाबले मौसम का मिजाज अब बिल्कुल बदलता हुआ नजर आएगा।