सहारनपुर में हुई बरसात के चलते किशनपुरा नाले की दीवार गिरी साथ में बह गयी सड़क
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। शहर के वार्ड संख्या 24 में रामनगर के नाले की पटरी की दीवार बुधवार की रात हुई भारी बारिश के चलते ढह गई। इसकी वजह से नाले के किनारे बनी सड़क की मिट्टी कटकर नाले में बह गई है। इससे राहगीरों को खतरा बना हुआ है।
स्थानीय पार्षद पुनीत चौहान ने बताया कि नाले की पटरी की दीवार लंबे समय से जर्जर है। चूंकि किनारे पर आबादी है। ऐसे में वह कई बार निगम अधिकारियों से दीवार बनाने की मांग करते रहे हैं। बार-बार कहने के बाद भी निगम ने बजट न होने की बात कहते हुए मात्र 150 मीटर की ही दीवार बनाई थी। नतीजा बीती रात भारी बारिश में नदी की जर्जर दीवार ढह कर नाले में जा गिरी। इससे पटरी पर बनी सड़क की मिट्टी अंदर से कट गई है, जिससे राहगीरों को खतरा बना हुआ है। चौहान ने बताया कि दीवार ढहने की सूचना महापौर संजीव वालिया और निर्माण विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। यदि समय रहते पटरी और दीवार को दुरुस्त नहीं किया गया तो बड़ा हादसा भी हो सकता है।