छुटमलपुर के बेहडा बिजलीघर पर खराब हुए ट्रांसफार्मर को देखते बिजलीकर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
बेहड़ा खुर्द के बिजलीघर का ट्रांसफार्मर खराब, नौ गांव में बत्ती गुल
छुटमलपुर (सहारनपुर)। बेहड़ा खुर्द में स्थित 33 केवीए बिजलीघर पर रखे पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण सोमवार की शाम चार बजे से क्षेत्र के नौ गांवों की बत्ती पिछले तीस घंटे से गुल है। ग्रामीणों ने जल्द ट्रांसफार्मर ठीक कराकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।
बहेड़ा खुर्द में स्थित 33 केवीए बिजलीघर से क्षेत्र के बहेड़ा कला, बहेड़ा खुर्द, बढेढी, मांडला, लंढोरा, अल्हेडी, दतौली मुगल, नौसरहेडी और जजनैर गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। सोमवार को शाम चार बजे से उक्त गांवों की बिजली गुल है। मंगलवार को सारा दिन इन गांवों में बिजली नहीं आई। बिजली न आने के कारण प्रचंड गरमी में लोग बेहाल हो गए। बिजली के अभाव में पीने तक के पानी की किल्लत हो गई। लोगों को हैंडपंपों पर लाइन में लग कर पानी भरना पड़ा। जजनैर के सुनील राणा, राव सलीम, बहेड़ा संदल सिंह के केतन राणा, सुशील राणा, दतौली मुगल के राव सहादत पुंडीर आदि ने बताया कि तीस घंटे से भी ज्यादा समय से बिजली गुल है, इस कारण उनके इनवर्टर तक बंद हैं। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो रहे हैं। उन्होंने जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उधर, बिजलीघर के जेई आनंद प्रकाश ने बताया कि पांच एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आई है। इसे दिखवाया जा रहा है। इसे ठीक कर जल्द ही आपूर्ति सुचारु करने का प्रयास किया जाएगा।